भागलपुर: विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके ने ससुराल पर हत्या का आरोप लगाया

भागलपुर के पीरपैंती थाना क्षेत्र के कुजबन्ना गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान आंचल कुमारी (20) के रूप में हुई है।

मृतका की शादी एक साल पहले जयकांत दास उर्फ अनिल दास से हुई थी। घटना स्थल पर पुलिस ने मृतका के शरीर पर चोट के निशान और नाक से खून निकलने के संकेत पाए हैं। मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि आंचल की पहले पिटाई की गई और फिर हत्या कर शव को कमरे में रखा गया।

मृतका के पिता राजेंद्र दास ने दामाद, समधी और ससुराल पर हत्या का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही पीरपैंती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने पति जयकांत दास, सास यशोदा देवी, और ससुर कोपल दास के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतका की मां फूलो देवी, जो बांका जिले के धोरेया थाना क्षेत्र की निवासी हैं, ने बताया कि शादी हिन्दू रीति-रिवाज से पिछले साल हुई थी, जिसमें एक लाख रुपये का दहेज दिया गया। शादी के छह महीने बाद से पति और ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे थे।

फूलो देवी ने कहा कि पिछले पांच माह से पति और ससुराल द्वारा शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना की जा रही थी। बेटी अक्सर उनसे फोन पर मारपीट की जानकारी देती थी।

पीरपैंती थाना अध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि घटना के बाद फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का पता चलेगा।

वर्तमान में, मृतका के परिजन की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और अन्य बिंदुओं पर भी पड़ताल जारी है।

 

  • Related Posts

    मुजफ्फरपुर में ‘रोड रेज’ का खौफनाक अंत! ‘रॉन्ग साइड’ से जाने पर टोका तो ड्राइवर को पीट-पीटकर मार डाला; मोतीपुर बाजार में मची चीख-पुकार

    Share Add as a preferred…

    Continue reading