पटना, 18 अगस्त 2025: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान के विभिन्न ब्लॉक्स और सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एकेडमिक ब्लॉक, टेक्निकल ब्लॉक, लैब, प्रशासनिक भवन और क्लासरूम का दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं व शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली।
क्लासरूम में उपस्थित छात्र-छात्राओं से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “आपलोग अच्छे से पढ़ाई करें और अपने लक्ष्य को प्राप्त करें। शिक्षा में सफलता ही भविष्य की नींव है।”
निरीक्षण के दौरान शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं संस्थान निदेशक डॉ. एस. सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं भी उपस्थित थे।
संस्थान का परिचय:
ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान की स्थापना 1973 में ‘बिहार इन्स्टीच्यूट ऑफ इकोनोमिक डेवलपमेन्ट’ के नाम से सामाजिक-आर्थिक विकास के क्षेत्र में शोध और प्रबंधन शिक्षा के उद्देश्य से की गई थी। वर्तमान में संस्थान स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के प्रोफेशनल कोर्स संचालित कर रहा है।
पिछले तीन वर्षों में संस्थान ने 90 प्रतिशत से अधिक Placement का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा किया है। वर्ष 2025 के Times B-School सर्वे में संस्थान ने शीर्ष 15 प्रबंधन संस्थानों में स्थान हासिल किया है। संस्थान बाजार और कॉरपोरेट वर्ल्ड की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन और कम्प्यूटर शिक्षा प्रदान करता है।
संस्थान में शिक्षा की गुणवत्ता को कम फीस में उपलब्ध कराया जाता है, जिससे समाज के कमजोर वर्ग के छात्र भी लाभान्वित हो रहे हैं। बिहार राज्य स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत कई छात्र संस्थान में नामांकित हैं।
संस्थान के सभी कोर्स AICTE मान्यता प्राप्त हैं और यह आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय, पटना से सम्बद्ध है। संस्थान में सक्रिय Start-up Cell भविष्य के उद्यमियों को प्रशिक्षण देता है और उद्योग स्थापित करने हेतु मेंटरिंग प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान यह साफ नजर आया कि संस्थान शिक्षा, प्रबंधन और उद्यमिता के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं व्यावसायिक अवसर उपलब्ध करवा रहा है।


