टीचर-स्टूडेंट वीडियो कांड में नया मोड़ : मकान मालिक और उसके साथी पर 20 लाख की रंगदारी व धमकी का आरोप

मधुबनी (जयनगर)।जयनगर के भेलवा चौक स्थित एक कोचिंग सेंटर का कथित टीचर-स्टूडेंट वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। अब इस मामले में छात्रा के बयान ने नया मोड़ ला दिया है।

छात्रा का आरोप – धमकी देकर बनवाया गया वीडियो

पीड़ित छात्रा ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि कोचिंग संस्थान के मकान मालिक कुलदीप सिंह और उसके दोस्त सोनू चौधरी ने उससे जबरन शिक्षक के साथ वीडियो बनवाया। उनका मकसद शिक्षक से 20 लाख रुपये वसूलना था।

छात्रा का कहना है कि दोनों ने धमकी दी थी—“वीडियो नहीं बनाया तो जान से मार देंगे।” डर की वजह से उसने मजबूरी में शिक्षक राकेश यादव के साथ अश्लील वीडियो बनाया।

सोशल मीडिया पर वायरल किया मकान मालिक ने

छात्रा के अनुसार, वीडियो को मकान मालिक कुलदीप सिंह ने ही सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिससे वह मानसिक अवसाद में चली गई। इस संबंध में उसने कोचिंग संचालक राकेश यादव, मकान मालिक कुलदीप सिंह और सोनू चौधरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

टीचर पर पहले भी लगे हैं आरोप

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, कोचिंग शिक्षक राकेश यादव पर यह पहला आरोप नहीं है। पूर्व में भी उस पर इसी तरह के मामले दर्ज हो चुके हैं और उसे जेल भी जाना पड़ा था। वीडियो वायरल होने के बाद से वह फरार है।

इलाके में आक्रोश, निगरानी की मांग

घटना से इलाके में आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिक्षा को समाज का पवित्र मंदिर माना जाता है, लेकिन यदि वहीं छात्र-छात्राएं असुरक्षित हों तो यह बेहद शर्मनाक है। उन्होंने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई और निजी कोचिंग संस्थानों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस की कार्रवाई

जयनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है और उन सोशल मीडिया चैनलों की भी पहचान की जा रही है, जिनसे यह वीडियो वायरल हुआ।


 

  • Related Posts