पटना, बिहार।कांग्रेस की बहुचर्चित मतदाता अधिकार यात्रा 17 अगस्त को सासाराम के रेलवे स्टेडियम से शुरू होगी और 16 दिनों में बिहार के 25 जिलों का सफर तय करेगी। इस यात्रा का समापन 1 सितंबर को पटना के गांधी मैदान में एक विशाल रैली के साथ होगा।
यात्रा का उद्देश्य और विशेषताएं
कांग्रेस इस यात्रा के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य रख रही है। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इसके लिए 29 जिला यात्रा समन्वयकों की नियुक्ति की है, जिनमें सासाराम में 2 और पटना में 3 समन्वयक शामिल हैं।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी
यात्रा में राहुल गांधी, तेजस्वी यादव समेत इंडिया गठबंधन के कई वरीय नेता शामिल होंगे। इन नेताओं की मौजूदगी से यात्रा के दौरान कई जिलों में बड़े जनसमूह जुटने की संभावना है।
यात्रा का रूट प्लान
- 17 अगस्त: सासाराम रेलवे स्टेडियम से शुरुआत, डेहरी होते हुए औरंगाबाद (रमेश चौक) में सभा।
- 18 अगस्त: देव रोड, अंबा, कुटुंबा, रफीगंज होते हुए गया।
- 19 अगस्त: वजीरगंज, नवादा, वारिसलीगंज, नालंदा, अस्थावां, बरबीघा।
- 20 अगस्त: यात्रा का विश्राम।
- 21 अगस्त: शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर।
- 22 अगस्त: मुंगेर, अकबर नगर, नाथनगर, भागलपुर, नवगछिया।
- 23 अगस्त: कटिहार, पूर्णिया।
- 24 अगस्त: अररिया, फारबिसगंज।
- 25 अगस्त: यात्रा का विश्राम।
- 26 अगस्त: सुपौल, मधुबनी, फुलपरास, झंझारपुर, दरभंगा।
- 27 अगस्त: गायघाट, बेरुआ, मुजफ्फरपुर, रून्नी सैदपुर, सीतामढ़ी।
- 28 अगस्त: रीगा, ढाका, मोतिहारी, पश्चिमी चंपारण।
- 29 अगस्त: बेतिया, गोपालगंज, सीवान, दरौंदा।
- 30 अगस्त: छपरा, आरा।
- 31 अगस्त: यात्रा का विश्राम।
- 1 सितंबर: पटना गांधी मैदान में ‘मतदाता अधिकार रैली’।
तैयारियों का जायजा लेंगे केसी वेणुगोपाल
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल 14 अगस्त को सासाराम पहुंचकर जिला समन्वयकों और प्रदेश नेतृत्व के साथ तैयारियों की समीक्षा करेंगे। उनके साथ यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और पूर्व सांसद अविनाश पांडे भी मौजूद रहेंगे।


