भागलपुर, 10 अगस्त 2025 – बिहार का बाढ़ से पुराना रिश्ता एक बार फिर दर्दनाक तस्वीर पेश कर रहा है। गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और अब इसका कहर भागलपुर के सुल्तानगंज प्रखंड से होते हुए अकबरनगर तक पहुँच चुका है।
एनएच 80 भी डूबा
गंगा का पानी एनएच 80 पर करीब दो फीट ऊपर बह रहा है। यह वही सड़क है जो बिहार, झारखंड और बंगाल को जोड़ती है। अब हालात ऐसे हैं कि बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है, जबकि छोटे वाहनों को भी मुश्किल से गुजरने दिया जा रहा है। सबौर की ओर निर्माणाधीन पुलिया के दोनों तरफ पानी चढ़ने को तैयार है, एक साइड सड़क बंद कर दी गई है।
वाहन चालकों की मुसीबत
बड़े वाहनों को झारखंड और बंगाल से सबौर होते हुए भागलपुर में प्रवेश की अनुमति नहीं है। इससे ट्रक और बस चालकों को घंटों सड़क किनारे खड़ा रहना पड़ रहा है। निर्माण कंपनी के अधिकारी हालात पर नजर रखे हुए हैं, लेकिन लगातार बढ़ते जलस्तर ने चिंता बढ़ा दी है। गंगा खतरे के निशान से 74 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है और आगे और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
ग्रामीणों का दर्द
एनएच किनारे रहने वाले ग्रामीणों के घरों में पानी घुस चुका है। राजू कुमार, एक स्थानीय निवासी, ने बताया – “घर में चूल्हा जलना मुश्किल हो गया है। छत पर तंबू लगाकर रह रहे हैं, आधा घर डूब चुका है। अब तो सुखा भोजन ही सहारा है। सरकार से मदद की उम्मीद है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।”
खतरे की चेतावनी
स्थानीय लोग चेतावनी दे रहे हैं कि अगर समय रहते भवनाथपुर के पास भी एनएच 80 पर वाहनों का प्रवेश नहीं रोका गया, तो बड़ा हादसा हो सकता है। छोटे वाहनों की आवाजाही भी किसी भी समय खतरनाक साबित हो सकती है।


