अंतर्राज्यीय कुख्यात अपराधी रौशन शर्मा मुठभेड़ में गिरफ्तार, मिनी गन फैक्ट्री का भी हुआ उद्भेदन

पटना, 7 अगस्त 2025: राजधानी पटना की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब डेढ़ दर्जन से अधिक संगीन आपराधिक मामलों में वांछित अंतर्राज्यीय अपराधी रौशन शर्मा को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी झारखंड, पश्चिम बंगाल और बिहार में हत्या, रंगदारी, लूट और डकैती जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर फुलवारीशरीफ और अगमकुआं थाना क्षेत्र से अवैध हथियारों का जखीरा, बाइक, स्कूटी और मिनी गन फैक्ट्री का भी उद्भेदन किया है।


हत्या के मामले से खुली परतें

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त सूचना के अनुसार, 21 अप्रैल 2025 की रात बैरिया बस स्टैंड, मसौढ़ी मोड़ पर नीतू राजा बस चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रामकृष्णानगर थाना में कांड संख्या-313/25 दर्ज की गई थी।

घटना के बाद एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर जांच करते हुए टीम ने इस हत्याकांड में संलिप्त मुख्य आरोपी रौशन शर्मा (पिता: स्व. संजय शर्मा, निवासी: सालेमपुर, थाना सकुराबाद, जिला जहानाबाद) को गिरफ्तार कर पूछताछ हेतु पटना लाया।


हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद

रौशन शर्मा की निशानदेही पर पुलिस ने फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के धीरेन्द्र उर्फ कक्कू महतो के घर पर छापेमारी की, जहां से बरामद किया गया:

  • 04 देशी कट्टा
  • 01 पिस्टल
  • 02 मैगजीन
  • 7.65mm की 82 गोली
  • .315 बोर की 11 जिंदा गोली
  • .315 बोर का 01 खोखा
  • 12 बोर की 10 जिंदा गोली
  • 01 स्कूटी
  • 01 अपाचे बाइक
  • कागजात और दस्तावेज

इसके अलावा अगमकुआं थाना क्षेत्र के धनकी गांव में छापेमारी कर एक मिनी गन फैक्ट्री का भी खुलासा हुआ, जहां से बरामद हुआ:

  • अवैध हथियार निर्माण उपकरण
  • लेथ मशीन – 2
  • अर्द्धनिर्मित हथियारों के कलपुर्जे
  • 1 जिंदा गोली, 2 खोखा
  • 2 कीपैड मोबाइल (बिना सिम)

मुठभेड़ में घायल हुआ अपराधी

पूछताछ के बाद पुलिस रौशन शर्मा को उसके एक साथी की गिरफ्तारी हेतु साथ ले जा रही थी। इसी दौरान फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के कुरकुरी गांव के पास वह लघुशंका के बहाने वाहन से उतरा और पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने की कोशिश करने लगा।

पुलिस ने रुकने की चेतावनी दी, पर जब वह नहीं रुका, तो पुलिस को आत्मरक्षा और आरोपी को रोकने हेतु फायरिंग करनी पड़ी, जिससे उसके पैर में गोली लगी। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से PMCH रेफर कर दिया गया है। उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।


कुख्यात रौशन शर्मा का आपराधिक इतिहास

रौशन शर्मा बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में कई संगीन मामलों में वांछित रहा है। उसके खिलाफ दर्ज मामलों में शामिल हैं:

वांछित मामले:

  1. जक्कनपुर थाना – रंगदारी के दो केस (कांड सं. 341/18 व 600/18)
  2. आगमकुआं थाना – हत्या का केस (कांड सं. 139/23)
  3. गर्दनीबाग थाना – पेट्रोल पंप डकैती (कांड सं. 199/24)
  4. रामकृष्णानगर थाना – हत्या के दो केस (313/25 और 784/24)
  5. कदमकुआं थाना – हत्या (कांड सं. 161/19)

पूर्ववर्ती अपराध:

  • बिहटा थाना – कांड सं. 64/05 व 65/05 (आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी)
  • दानापुर थाना – कांड सं. 40/05 (डकैती)
  • झारखंड के रांची – रोड लूट
  • कोलकाता साल्ट लेक – डकैती

अन्य राज्यों से उसके खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी एकत्र की जा रही है।


पुलिस की बड़ी उपलब्धि

कैमूर से लेकर राजधानी पटना तक फैले नेटवर्क और हथियारों की आपूर्ति में लिप्त इस कुख्यात अपराधी की गिरफ्तारी और उसके द्वारा संचालित गन फैक्ट्री का पर्दाफाश पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। पुलिस का दावा है कि उसकी गिरफ्तारी से बिहार और आसपास के राज्यों में अवैध हथियारों की तस्करी और अपराधों पर अंकुश लगेगा।


 

  • Related Posts