भागलपुर में संभावित वीवीआईपी विजिट को लेकर हलचल तेज, डीएम-एसएसपी ने किया फ्लड लाइट सुरक्षा मुआयना

भागलपुर, 06 अगस्त 2025 —भागलपुर में एक बार फिर बड़े सियासी हलचल के संकेत मिलने लगे हैं। जिले में संभावित वीवीआईपी विजिट की चर्चाओं के बीच बुधवार को प्रशासनिक और पुलिस महकमा पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने संयुक्त रूप से शहर के कई प्रमुख स्थानों का औचक निरीक्षण किया।

हवाई अड्डे से लेकर टीएमबीयू मैदान तक अफसरों की चौकसी

निरीक्षण की शुरुआत भागलपुर हवाई अड्डा परिसर से हुई, जहां वीवीआईपी आगमन की संभावना को लेकर सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा लिया गया। इसके बाद अधिकारियों का काफिला तिलकामांझी चौक पहुंचा, जहां ट्रैफिक व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया गया।

इसके बाद डीएम-एसएसपी का काफिला सीधे तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के प्लेग्राउंड पहुंचा। यहां पर किसी बड़े सार्वजनिक या राजनीतिक कार्यक्रम की तैयारी की अटकलें लगाई जा रही हैं। मैदान की समतलीकरण, मंच निर्माण और भीड़ नियंत्रण को लेकर अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मियों को निर्देश दिए।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के संकेत

इस निरीक्षण को लेकर चर्चा है कि आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति के किसी बड़े चेहरे की भागलपुर में एंट्री हो सकती है। माना जा रहा है कि या तो कोई केंद्रीय मंत्री, राज्यपाल या स्वयं मुख्यमंत्री का दौरा तय है, जिसके मद्देनजर भागलपुर को चाक-चौबंद किया जा रहा है।

अधिकारियों की फौज दिखी साथ

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार सहित जिला प्रशासन के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे। हर स्थान पर गहन चर्चा के साथ निर्देशों की झड़ी लगाई गई।

क्या बोले डीएम?

डीएम डॉक्टर नवल किशोर चौधरी ने संक्षिप्त रूप में कहा कि—
“संभावित वीवीआईपी विजिट को लेकर हर स्तर पर तैयारी की जा रही है। हमारा प्रयास है कि जिले में कोई चूक न हो और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।”

लोगों में कौतूहल बढ़ा, कौन आ रहा है भागलपुर?

इस औचक निरीक्षण के बाद शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। सोशल मीडिया पर लोग यह अनुमान लगाने में जुटे हैं कि आखिरकार कौन बड़ा नेता भागलपुर की धरती पर कदम रखने वाला है। हालांकि प्रशासन की ओर से आधिकारिक तौर पर नाम का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन तैयारियों का स्तर देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह कोई साधारण दौरा नहीं है।

नज़रें टिक गईं टीएमबीयू ग्राउंड पर

टीएमबीयू का मैदान इस समय चर्चा का केंद्र बना हुआ है। हाल के वर्षों में इस मैदान में कई बड़े राजनीतिक और शैक्षणिक कार्यक्रम हो चुके हैं, और अब एक बार फिर इसकी सजावट और निरीक्षण को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि भागलपुर में कोई बड़ा एलान होने वाला है।


 

  • ये भी पढ़े..

    पटना हाईकोर्ट सख्त: बेऊर में अतिक्रमण और जलजमाव मामले पर सरकार से मांगी रिपोर्ट, अधिकारियों की कार्यशैली पर उठाए सवाल

    Share Add as a preferred…

    15 रुपये बचाने की कीमत पड़ी भारी: बिना टिकट यात्रा ने पिता-पुत्र को दी ऐसी सीख, पूर्व रेलवे ने जारी किया बड़ा संदेश

    Share Add as a preferred…