तिलकामांझी यूनिवर्सिटी में हंगामा! बाढ़ पीड़ितों ने तोड़ा गेट का ताला, जबरन घुसे कैंपस में

भागलपुर, 6 अगस्त 2025 – तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (TMBU) में मंगलवार को हाई वोल्टेज ड्रामा उस समय देखने को मिला जब दियारा क्षेत्र के सैकड़ों बाढ़ पीड़ितों ने यूनिवर्सिटी के सिक्योरिटी गेट का ताला तोड़कर ज़बरदस्ती कैंपस में घुसपैठ कर ली।

शंकरपुर और दिलदारपुर इलाके से आए लोगों का सब्र टूट गया। प्रशासन की ओर से राहत नहीं मिलने से नाराज़ इन लोगों ने सीनेट हॉल के पास बने गेट पर धावा बोला और देखते ही देखते ताला तोड़ दिया। बाढ़ से बेहाल ग्रामीण अपने साथ चारपाई, बोरियां, प्लास्टिक की तिरपाल और राशन का झोला लेकर कैंपस में दाखिल हुए और टिल्हा कोठी समेत कई हिस्सों में तंबू गाड़ दिए।

इसी दौरान परिसर में निरीक्षण को पहुंचे सदर एसडीओ विकास कुमार और नाथनगर अंचलाधिकारी भी मौक़े पर मौजूद थे, लेकिन गुस्साए लोगों के सामने प्रशासन भी लाचार दिखा।

बाढ़ पीड़ितों का आरोप – “हमारा घर डूब गया, राहत कैंप नहीं मिला, बच्चे भूखे हैं… कहां जाएं?”

वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि सुरक्षा कारणों से बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी, लेकिन हालात हाथ से निकलते दिख रहे हैं। मामला अब ज़िला प्रशासन और यूनिवर्सिटी के बीच गंभीर समन्वय की मांग कर रहा है।


 

 

  • Related Posts