कैमूर में प्रशांत किशोर का तीखा हमला: “जनता ने तय कर लिया है, इस बार लालू-नीतीश को हटाना है”

कैमूर, 04 अगस्त 2025।जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार में नीतीश सरकार द्वारा डोमिसाइल नीति लागू किए जाने को लेकर गहरा सवाल खड़ा किया है। कैमूर जिले के चैनपुर में आयोजित बिहार बदलाव जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह फैसला जनता के दबाव का नतीजा है, लेकिन अब जनता किसी भी “चुनावी दिखावे” में आने वाली नहीं है।

प्रशांत किशोर ने कहा, “20 साल में कुछ नहीं किया। अब जब जनता ने मन बना लिया है कि उन्हें हटाना है, तो पेंशन बढ़ा रहे हैं, डोमिसाइल नीति लागू कर रहे हैं। लेकिन जनता भ्रम में नहीं पड़ेगी।”

तेजस्वी यादव के दो वोटर आईडी पर तंज

पत्रकारों से बातचीत में पीके ने तेजस्वी यादव के दो-दो वोटर आईडी प्रकरण पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “तेजस्वी यादव कह रहे थे उनका नाम वोटर लिस्ट से कट गया है, अब चुनाव आयोग कह रहा है कि उनके पास दो आईडी हैं। ये मामला तेजस्वी और आयोग के बीच का है, लेकिन जनता को इससे कोई मतलब नहीं है। जनता ये जानना चाहती है कि पलायन कब रुकेगा, बेरोजगारी कब खत्म होगी।”

“नेताओं का नहीं, बच्चों का चेहरा देखकर वोट दीजिए”

प्रशांत किशोर ने जनसभा में लोगों से अपील की कि इस बार वोट करते समय नेताओं के चेहरों को नहीं, अपने बच्चों का भविष्य देखें। उन्होंने कहा, “चाहे लालू हों, नीतीश हों या मोदी, इस बार अपने बच्चों की शिक्षा और रोजगार को ध्यान में रखकर वोट करें।”

उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में बिहार के लाखों युवाओं को बाहर मजदूरी के लिए नहीं जाना पड़ेगा। “छठ के बाद कैमूर का युवा दिल्ली-मुंबई नहीं जाएगा। यहीं 10-12 हजार रुपये महीना की नौकरी मिलेगी।”

बड़े वादे: बुजुर्गों को 2000 पेंशन, गरीब बच्चों की स्कूल फीस सरकार देगी

पीके ने अपने वादों में कहा कि दिसंबर 2025 से 60 साल से ऊपर के सभी लोगों को 2000 रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी। इसके अलावा, जब तक सरकारी स्कूलों में सुधार नहीं होता, “15 साल से कम उम्र के बच्चों की प्राइवेट स्कूल फीस सरकार भरेगी।”

उन्होंने कहा, “गरीब का बच्चा भी अब अंग्रेजी मीडियम में पढ़ेगा। यही असली बदलाव है, और यही जन सुराज है।”


 

  • Related Posts