
अलीगढ़ | 3 अगस्त 2025:अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) की बीपीएड छात्रा आफरीन जबीं ने इंग्लिश चैनल को पार कर एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने यूके के डोवर से फ्रांस के कैप ग्रिस नेज तक की 34 किलोमीटर लंबी जल यात्रा को मात्र 13 घंटे 13 मिनट में पूरा कर यह अद्भुत सफलता प्राप्त की।
11 डिग्री तापमान में भी नहीं डिगी हिम्मत
आफरीन ने यह कठिन तैराकी 29 जुलाई को लंदन समयानुसार सुबह 3:45 बजे शुरू की थी। रास्ते में पानी का तापमान केवल 11 डिग्री सेल्सियस था, लेकिन भीषण ठंड और समुद्री लहरों को मात देकर उन्होंने कैप ग्रिस तक का सफर पूरा किया।
देश और एएमयू को गर्व
इस उपलब्धि के साथ आफरीन जबीं न केवल एएमयू का नाम रोशन करने में सफल रहीं, बल्कि अपने गृह राज्य पश्चिम बंगाल और भारत के लिए भी गौरव बन गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन, खेल मंत्रालय और छात्र समुदाय ने आफरीन की सराहना करते हुए उन्हें प्रेरणा स्रोत बताया है।


