भागलपुर | 31 जुलाई 2025: यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ प्रदान करने और रेलवे स्टेशनों के समग्र संचालन में सुधार के उद्देश्य से पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (पीसीसीएम) डॉ. उदय शंकर झा ने मंगलवार (30 जुलाई) को भागलपुर एवं सुल्तानगंज रेलवे स्टेशनों का व्यापक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन की वाणिज्यिक, विद्युत तथा अभियंत्रण संबंधी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। विशेष रूप से स्वच्छता, सर्कुलेटिंग एरिया की निगरानी, यात्री सूचना प्रणाली की स्पष्टता और टिकटिंग व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित किया गया।
इस अवसर पर मालदा मंडल की वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Sr. DCM) मिस अंजन भी उनके साथ मौजूद रहीं।
निरीक्षण के क्रम में पीसीसीएम के निर्देशन में टिकट रहित यात्रा पर रोक लगाने के लिए विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाजनक आवागमन सुनिश्चित करने हेतु प्लेटफार्म और कंकर्स एरिया में भीड़ प्रबंधन की स्थिति का भी जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छ शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, संकेतक प्रणाली जैसी यात्री सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। जहां कहीं भी कमियाँ पाई गईं, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
यह निरीक्षण पूर्व रेलवे मालदा मंडल की उस सतत प्रतिबद्धता का प्रमाण है जो वह यात्रियों को सुरक्षित, कुशल और सुविधाजनक रेल सेवाएं प्रदान करने की दिशा में निभा रहा है।


