
भागलपुर | 19 जुलाई 2025: नाथनगर थाना क्षेत्र के दोगच्छी बाईपास स्थित बिहारीपुर ओवर ब्रिज पर शुक्रवार को एक सीएनजी ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें सवार नाश्ता दुकानदार रामस्वरूप मंडल (50 वर्ष) की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
क्या है पूरी घटना?
मृतक रामस्वरूप मंडल शाहकुंड थाना क्षेत्र के जानीपुर गांव के निवासी थे और निजी कार्य से भागलपुर आए थे। लौटते वक्त वे एक सीएनजी ऑटो में सवार थे।
बिहारीपुर ओवर ब्रिज के पास ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
मौके पर नहीं मिला समय पर इलाज
उसी रास्ते से गुजर रहे शाहकुंड के एक परिचित ऑटो चालक ने उन्हें पहचान कर दूसरे वाहन से शाहकुंड अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना पाकर नाथनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक, सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
घर में मचा कोहराम
रामस्वरूप मंडल अपने पीछे पत्नी गीता देवी, दो पुत्र और तीन पुत्रियां छोड़ गए हैं।
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है।


