
भागलपुर/मोतिहारी, 18 जुलाई 2025: भविष्य-उन्मुख और सर्वसुलभ रेलवे नेटवर्क के संकल्प को साकार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चार नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन ट्रेनों का उद्देश्य देश के अलग-अलग क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करना और आम लोगों के लिए किफायती, सुरक्षित एवं सम्मानजनक रेल यात्रा सुनिश्चित करना है।
नव आरंभित ट्रेनों में निम्न मार्ग शामिल हैं:
- मालदा टाउन – लखनऊ (गोमती नगर) (भागलपुर होते हुए)
- राजेंद्र नगर टर्मिनल (पटना) – नई दिल्ली
- बापूधाम मोतिहारी – दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनल)
- दरभंगा – लखनऊ (गोमती नगर)
उद्घाटन समारोह और स्थानीय उत्साह
मालदा टाउन – लखनऊ (गोमती नगर) अमृत भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन को भागलपुर स्टेशन पर भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर सांसद अजय कुमार मंडल, विधायक पवन कुमार और विधान पार्षद डॉ. एन. के. यादव सहित रेलवे अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। जमालपुर और अभयपुर स्टेशनों पर भी इसी प्रकार आयोजन हुआ।
अमृत भारत ट्रेन की विशेषताएँ
भारतीय रेलवे द्वारा ‘मेक इन इंडिया’ तकनीक से निर्मित यह ट्रेन देश के आम यात्रियों को ध्यान में रखते हुए डिज़ाइन की गई है। इसमें हैं:
- बेहतर सीटें, मोबाइल चार्जिंग पोर्ट,
- एयर स्प्रिंग सस्पेंशन, रैडियम फ्लोर स्ट्रिप्स,
- दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधायुक्त शौचालय,
- फायर डिटेक्शन सिस्टम और टॉक-बैक यूनिट्स जैसी सुरक्षा तकनीक।
समय-सारिणी व ठहराव
13435 मालदा टाउन – गोमती नगर अमृत भारत एक्सप्रेस
- नियमित सेवा: 24 जुलाई 2025 से
- प्रस्थान: मालदा टाउन से प्रत्येक गुरुवार को 19:25 बजे
- आगमन: गोमती नगर, अगले दिन 15:40 बजे
13436 गोमती नगर – मालदा टाउन अमृत भारत एक्सप्रेस
- नियमित सेवा: 25 जुलाई 2025 से
- प्रस्थान: गोमती नगर से प्रत्येक शुक्रवार को 18:40 बजे
- आगमन: मालदा टाउन, अगले दिन 16:40 बजे
प्रमुख ठहराव: न्यू फरक्का, बरहरवा, साहिबगंज, कहलगांव, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर, अभयपुर, किउल, नवादा, टिलैया, गया, सासाराम, वाराणसी, अयोध्या धाम आदि।
विकास की नई रफ्तार
प्रधानमंत्री द्वारा मोतीहारी में कई परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास एवं राष्ट्र को समर्पण किया गया, जो क्षेत्र की सामाजिक-आर्थिक प्रगति को गति देगा। अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें इस दिशा में एक मील का पत्थर हैं, जो साधारण नागरिकों की असाधारण उम्मीदों को पूरा करने की दिशा में एक ठोस प्रयास है।


