बेटी के प्रेमी ने रची थी पटना हाईकोर्ट के वकील की हत्या की साजिश-डेढ़ लाख में तय हुआ सौदा

पटना, 16 जुलाई 2025 –राजधानी पटना में हाईकोर्ट के एक जाने-माने वकील जितेन्द्र कुमार की हत्या के पीछे उनकी ही बेटी के प्रेम संबंध का विरोध निकलकर सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

हत्या की साजिश वकील की बेटी के प्रेमी शोएब उर्फ सोनू ने रची थी, जिसने डेढ़ लाख रुपए में सुपारी देकर दो शूटरों से जितेन्द्र कुमार की गोली मारकर हत्या करवा दी।


बेटी के अफेयर का कर रहे थे विरोध, बन गए निशाना

13 जुलाई की शाम वकील जितेन्द्र कुमार को उनके घर से कुछ ही दूरी पर अज्ञात हमलावरों ने तीन गोलियां मार दी थीं। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई थी। पुलिस जांच में पता चला कि वे पिछले कुछ समय से अपनी बेटी के प्रेम संबंध को लेकर चिंतित थे और शोएब से दूरी बनाने के लिए बेटी को लगातार समझा रहे थे।

यही विरोध शोएब को खलने लगा। उसे लगा कि अगर पिता रास्ते से हट जाएंगे तो उसका कोई विरोध करने वाला नहीं रहेगा।


2022 में कोर्ट मैरिज कर चुकी थी बेटी

जानकारी के अनुसार, वकील की बेटी और शोएब ने वर्ष 2022 में कोर्ट मैरिज कर ली थी। यह शादी परिवार की मर्जी के खिलाफ हुई थी। कुछ समय बाद लड़की अपने पति को छोड़कर वापस अपने पिता के पास आ गई और वहीं रहने लगी।

बताया जाता है कि पिता ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया था और बेटी को समझाने की कोशिश करते रहते थे। पिता की नाराजगी के कारण घर में कई बार झगड़ा भी हुआ था।


साजिश: डेढ़ लाख की सुपारी, 10 हजार एडवांस

पुलिस की जांच में यह सामने आया कि शोएब ने अपने दोस्तों—आकाश उर्फ कल्लू और मोहम्मद अली के साथ मिलकर इस हत्या की योजना बनाई। इन लोगों ने दो शूटर—आदित्य कुमार और निरंजन कुमार से संपर्क किया और उन्हें डेढ़ लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी।

घटना में आदित्य ने गोली चलाई और निरंजन बाइक चला रहा था। हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक चोरी की थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। हत्या के लिए जिस पिस्टल का इस्तेमाल हुआ, वह भी बरामद कर ली गई है।


हत्या के बाद पहुंचा शोक जताने

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के कुछ घंटों बाद ही शोएब उर्फ सोनू, मृतक वकील के घर पहुंचा और परिजनों से मिलकर “हमदर्दी जताने” लगा। किसी को शक न हो, इसके लिए उसने खुद को दुखी भी दिखाया।

शोएब पेशे से एसी मैकेनिक है और पहले से शादीशुदा है। उसके पहले से बच्चे भी हैं। जितेन्द्र की बेटी से उसका यह दूसरा विवाह था।


पुलिस ने 8 आरोपियों को किया गिरफ्तार

पटना पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल कुल आठ लोगों को चिह्नित किया है, जिनमें से छह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में शोएब ने कबूल किया है कि हत्या की योजना उसने खुद बनाई और बाकी रकम बाद में देने का वादा किया गया था।

बेटी की भूमिका की अभी जांच जारी है। हालांकि पुलिस ने यह भी कहा है कि अब तक की जांच में उसकी सीधी संलिप्तता सामने नहीं आई है।


समाज और परिवार पर सवाल

यह हत्याकांड न केवल कानून और न्याय व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि समाज में बढ़ते वैचारिक टकराव और पारिवारिक विघटन की भयावह तस्वीर भी है।
एक पिता, जो अपने बच्चे के भविष्य को लेकर चिंतित था, अंततः उसी के कारण अपनी जान से हाथ धो बैठा।


 

  • ये भी पढ़े..

    बक्सर पुलिसिया जुल्म मामले में पटना हाईकोर्ट सख्त, पूर्व थानेदार पर FIR का आदेश

    Share Add as a preferred…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *