
बक्सर, 8 जुलाई 2025 – बिहार पुलिस ने डिजिटल ट्रैकिंग की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए बक्सर जिले में ई-मालखाना एप लांच किया है। इस एप की मदद से थानों में जब्त शराब, गांजा, हथियार और अन्य सामग्री का पूरा विवरण अब ऑनलाइन सुरक्षित और पारदर्शी रहेगा।
एसपी शुभम आर्य ने मंगलवार को अपने कार्यालय से एप का औपचारिक उद्घाटन किया। शुरुआत में यह सुविधा बक्सर जिले के धनसोई, इटाढ़ी, बगेन गोला, बसुदेवा, हाता ओपी और चक्की जैसे छह थानों में लागू की गई है।
बारकोड से होगी ट्रैकिंग
एसपी शुभम आर्य ने जानकारी दी कि अब किसी भी केस से संबंधित जब्त वस्तुएं बारकोड स्कैनिंग के जरिए तुरंत स्क्रीन पर उपलब्ध हो सकेंगी। हर आइटम के लिए यूनिक बारकोड जेनरेट होगा। इसके अतिरिक्त, सभी छोटी वस्तुओं को बॉक्स में नंबरिंग के साथ व्यवस्थित किया जाएगा, जिससे मालखाना चार्ज लेने-देने में पारदर्शिता बनी रहे।
गड़बड़ियों पर लगेगी रोक, जवाबदेही तय
अब तक मालखानों में जब्त सामग्री के प्रबंधन में पारदर्शिता की कमी और जिम्मेदारी तय न होने की वजह से अक्सर अधिकारी चार्ज लेने से कतराते थे। एसपी के अनुसार, इस नई प्रणाली के बाद जवाबदेही स्पष्ट होगी और चोरी या गड़बड़ी की संभावनाएं खत्म हो जाएंगी।
“चूहे शराब नहीं पी सकेंगे”
गौरतलब है कि पूर्व में कई मामलों में यह कहा गया था कि जब्त शराब चूहों ने पी ली। एसपी शुभम आर्य ने तंज कसते हुए कहा कि इस एप के आने के बाद ऐसी घटनाएं अब इतिहास बन जाएंगी।
सभी थानों में होगा विस्तार
एसपी ने बताया कि यह एप जल्द ही बक्सर जिले के सभी थानों में लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य मालखानों के संचालन को सुव्यवस्थित, पारदर्शी और पूरी तरह डिजिटल बनाना है।


