पटना, 7 जुलाई 2025 — बाढ़ थाना क्षेत्र के चोंदी और गुड़गुड़िया मोहल्ले के लोगों के बीच सोमवार सुबह हुई मारपीट और तलवारबाजी की घटना में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हालात पर काबू पा लिया गया है।
सिपर रखने को लेकर हुआ विवाद, बात बढ़ी मारपीट तक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह के समय चोंदी मोहल्ले के कुछ लोग सिपर लेकर गुड़गुड़िया मोहल्ले पहुंचे। वहां पहले से मौजूद लोग चाट-समोसा खा रहे थे। इसी दौरान किसी छोटी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और तलवारबाजी में तब्दील हो गई।
एक दर्जन लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए हैं, जिनका इलाज बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
इलाके में तनाव, कई थानों की पुलिस तैनात
घटना की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस को मौके पर भेजा गया है। इसके साथ ही अनुमंडलीय अस्पताल में भी पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी प्रकार की अफरा-तफरी ना मचे।
थानाध्यक्ष बोले – स्थिति नियंत्रण में, जांच जारी
बाढ़ थाना अध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि, “यह एक ही समुदाय के दो मोहल्लों के बीच मामूली विवाद से उपजी घटना है। स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। मामले की जांच जारी है, और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”


