तीरंदाजी में निखरेगा प्रतिभा का निशाना: भागलपुर में आयोजित हुआ एकलव्य आवासीय खेल केंद्र के लिए चयन ट्रायल

भागलपुर, 03 जुलाई 2025 |मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र, भागलपुर में खिलाड़ियों के नामांकन हेतु तीरंदाजी विधा का चयन ट्रायल आज साहू उच्च विद्यालय, परबत्ता (भागलपुर) के मैदान में संपन्न हुआ। इस एक दिवसीय ट्रायल का आयोजन खेल विभाग, बिहार पटना, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन, भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

इस चयन प्रक्रिया में भागलपुर जिले के लगभग 90 बालक और 10 बालिकाओं ने भाग लिया। जिला खेल पदाधिकारी श्री जयनारायण कुमार ने बताया कि राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नामांकन में विशेष छूट दी जाएगी। चयनित खिलाड़ियों को पास के सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक नामांकन के साथ-साथ आवासन, चिकित्सा, पौष्टिक आहार, खेल पोशाक, खेल उपकरण तथा उच्च प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण की सुविधा दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि नामांकित खिलाड़ियों की प्रदर्शन समीक्षा हर तीन माह पर की जाएगी। असंतोषजनक प्रदर्शन पर प्रशिक्षण केंद्र से निष्कासन भी किया जा सकता है। इस योजना में केवल बिहार राज्य के खिलाड़ी ही पात्र होंगे तथा चयन के उपरांत आवश्यक प्रमाण पत्रों की जांच की जाएगी।

12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने इस ट्रायल में भाग लिया, जिसमें खिलाड़ियों की ऊंचाई, वजन, बैटरी टेस्ट, खेल कौशल की जांच की गई। खिलाड़ियों का परीक्षण फुटबॉल खेल के माध्यम से भी किया गया।

चयन प्रक्रिया में तीरंदाजी के चयनकर्ता के रूप में श्री चन्दन कुमार, श्री आशुतोष कुमार सिंह, श्री जयप्रकाश, श्री शुभम कुमार भगत एवं श्री विनेश हेम्ब्रम उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त विद्यालय प्रधान श्रीमती क्रांति देवी, शारीरिक शिक्षक श्री गोपाल कुमार, श्री जयंतो राज, श्री वरुण कुमार, श्री विक्की कुमार, सुश्री अंजू कुमारी और सुश्री सुमिता ने भी चयन में सहयोग किया।

कार्यक्रम में ग्रामीण श्री पारस नाथ साहू समेत अन्य खेल प्रेमी भी उपस्थित रहे।
जिला खेल पदाधिकारी ने जानकारी दी कि बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा अंतिम चयन सूची जारी होने के बाद सभी चयनित खिलाड़ियों को दूरभाष या पत्राचार द्वारा सूचित किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी शारीरिक शिक्षकों को धन्यवाद ज्ञापन दिया गया।

  • ये भी पढ़े..

    मुहर्रम जुलूस के दौरान ड्यूटी पर तैनात एसआई का तलवार लहराते वीडियो वायरल, एसएसपी ने दिए जांच के आदेश

    Share Add as a preferred…

    भागलपुर की 238 पंचायतों में आज पंचायत विकास दिवस, महिला सशक्तिकरण और मद्यनिषेध अभियान पर रहेगा विशेष फोकस

    Share Add as a preferred…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *