
मधेपुरा | 24 जून 2025: रतवारा थाना क्षेत्र के गंगापुर पंचायत में रविवार रात एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बिलठी शर्मा (29) के रूप में हुई है, जो गांव के पूर्व मुखिया स्व. विशुनदेव शर्मा का बेटा था। बदमाशों ने गला रेतकर और चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी।
खून से सना शव झाड़ियों में मिला
स्थानीय लोगों ने बताया कि बिलठी शाम को अपने ई-रिक्शा से किराना सामान लेकर गांव लौटा था। आखिरी बार उसे एक अन्य व्यक्ति के साथ सोनामुखी की ओर जाते देखा गया। कुछ घंटे बाद सड़क पर खून फैला मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तलाशी ली और पास की झाड़ियों से गर्दन कटा शव बरामद किया।
परिवार में मातम, ग्रामीणों का सड़क जाम
हत्या की खबर मिलते ही गांव में तनाव और आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने गौछीडीह चौक पर सड़क जाम कर दिया और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की।
मृतक की मां बीणा देवी और पत्नी खुशबू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बिलठी की चार बेटियाँ हैं, जो अब बेसहारा हो गई हैं।
पुलिस जांच में जुटी, जल्द खुलासा का दावा
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि हत्या की साजिश से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


