उपेंद्र कुशवाहा को धमकी देने वाला गिरफ्तार, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर दी थी जान से मारने की धमकी

पटना, 22 जून 2025: सचिवालय थाना की पुलिस ने राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सीवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र के दुन गांव निवासी राकेश कुमार उर्फ भरत भूषण तिवारी के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, भरत भूषण तिवारी कभी उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी का कार्यकर्ता रहा था। एक पार्टी विशेष के खिलाफ सांसद द्वारा दिए गए बयान से नाराज होकर उसने कुशवाहा को जान से मारने की धमकी भरे कॉल और एसएमएस भेजे थे।

19 जून की रात पटना स्थित सरकारी आवास में मौजूद उपेंद्र कुशवाहा के मोबाइल पर तीन अनजान नंबरों से कॉल आई थी। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताया और कहा कि यदि कुशवाहा एक खास पार्टी के खिलाफ बोलते रहे, तो 10 दिन के अंदर उन्हें खत्म कर दिया जाएगा। एसएमएस में भी इसी आशय की धमकी दी गई थी।

सांसद के निजी सहायक की शिकायत पर सचिवालय थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त कर लिए गए हैं।

एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि धमकी तीन अलग-अलग मोबाइल नंबरों से दी गई थी, जिनमें से एक नंबर से कॉल करने वाले की पहचान हो गई है। शेष दो नंबरों की जांच फिलहाल जारी है।

इस घटना के बाद से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।


 

  • Related Posts

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *