महिलाओं से प्राप्त मंतव्यों से तैयार होगा नई नीतियों का आधार

भागलपुर में 1275 स्थानों पर आयोजित हो चुके हैं महिला संवाद कार्यक्रम, 24,845 आकांक्षाएं दर्ज

भागलपुर, 30 मई 2025:बिहार सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में चलाए जा रहे अभियानों को अब नया आयाम देने की तैयारी की जा रही है। राज्य भर में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं से प्राप्त सुझाव और आकांक्षाएं, भविष्य की नई नीतियों का आधार बन सकती हैं।

भागलपुर जिले में अब तक कुल 1275 स्थानों पर महिला संवाद का आयोजन हो चुका है, जिसमें 2,74,832 महिलाओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया है। संवाद के दौरान महिलाओं से मिली कुल 24,845 आकांक्षाओं को मोबाइल एप के माध्यम से दर्ज किया गया है, जो नीति-निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम है।

डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट मैनेजर (DPM), जीविका — श्री सुनिर्मल गरेन ने जानकारी दी कि इन संवादों के माध्यम से महिलाओं ने खास तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यम स्थापित करने और उन्हें संचालित करने हेतु ब्याज दरों में विशेष रियायत की मांग की है। इससे महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और वे आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर होंगी।

वर्तमान में भी कई महिलाएं जीविका स्वयं सहायता समूहों से ऋण लेकर लघु उद्यम चला रही हैं। खरीक प्रखंड की धोरिया दादपुर पंचायत की खुशबू कुमारी एक सशक्त उदाहरण हैं, जिन्होंने स्वयं का उद्यम स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने का सफर तय किया है। उन्होंने पीएमएफएमई योजना और मुख्यमंत्री उद्यमी योजना का लाभ उठाया है।

अब तक जिले के पीरपैंती, रंगरा चौक, नारायणपुर, गोपालपुर और कहलगांव प्रखंडों में महिला संवाद कार्यक्रम पूर्ण हो चुके हैं। जबकि इस्माईलपुर, नाथनगर और नवगछिया प्रखंडों में महिला संवाद का दूसरा चरण प्रारंभ हो गया है। इस कार्यक्रम में महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों की भी उल्लेखनीय भागीदारी देखी गई है।

यह संवाद श्रृंखला न केवल सरकार को जमीनी स्तर पर महिलाओं की वास्तविक जरूरतों को समझने में सहायक है, बल्कि यह आने वाले समय में महिला-केंद्रित नीतियों को और अधिक व्यावहारिक और प्रभावशाली बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकती है।


 

  • ये भी पढ़े..

    छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में जन सुराज का हमला, शिक्षा मंत्री को हटाने और कार्रवाई की जांच की मांग

    Share Add as a preferred…

    बिहार में युवाओं के लिए बड़ी पहल, बिहटा में बनेगा महिला एनएसटीआई भवन और स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर

    Share Add as a preferred…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *