तेज प्रताप के निष्कासन पर बोलीं रोहिणी आचार्य: “परिवार और प्रतिष्ठा पर आंच स्वीकार नहीं”

पटना। राजद प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव द्वारा अपने बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार से 6 साल के लिए निष्कासित किए जाने के बाद अब इस पूरे मामले पर लालू यादव की छोटी बेटी रोहिणी आचार्य की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक लेकिन सख्त संदेश देते हुए पारिवारिक मूल्यों और मर्यादा की अहमियत पर जोर दिया है।

“जो मर्यादा लांघते हैं, वो आलोचना के पात्र बनते हैं” – रोहिणी

रोहिणी आचार्य ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा:

“जो परिवेश, परंपरा, परिवार और परवरिश की मर्यादा का ख्याल रखते हैं, उन पर कभी सवाल नहीं उठते। जो अपना विवेक त्याग कर मर्यादित आचरण व परिवार की प्रतिष्ठा की सीमा को बारम्बार लांघने की गलती – धृष्टता करते हैं, वो खुद ही आलोचना के पात्र बनते हैं।”

उन्होंने आगे लिखा:

“हमारे लिए पापा देवतुल्य हैं, परिवार हमारा मंदिर और गौरव है। पापा के अथक प्रयासों से खड़ी की गई पार्टी और सामाजिक न्याय की अवधारणा हमारी पूजा है। इन तीनों की प्रतिष्ठा पर किसी की वजह से आंच आए, ये हमें कदापि स्वीकार नहीं।”

लालू यादव ने की कड़ी कार्रवाई

बता दें कि लालू यादव ने रविवार को अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार से निष्कासित कर दिया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, तेज प्रताप के हालिया आचरण और सार्वजनिक व्यवहार को लेकर यह कठोर निर्णय लिया गया है। उन्हें 6 साल के लिए राजद से बाहर कर दिया गया है।

राजनीतिक गलियारों में हलचल

तेज प्रताप यादव के निष्कासन और रोहिणी आचार्य की प्रतिक्रिया ने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है। यह पहली बार है जब लालू परिवार में इतना बड़ा सार्वजनिक मतभेद देखने को मिल रहा है। अब देखना होगा कि तेज प्रताप इस पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और यह विवाद आने वाले दिनों में क्या मोड़ लेता है।


 

  • Related Posts

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *