“एक्शन मोड में बिहार पुलिस”, बोले विजय सिन्हा- राज्य में 2005 की तरह खुलकर मुठभेड़ शुरू

बिहार में पुलिस अधिकारियों पर लगातार हो रहे हमलों की पृष्ठभूमि में राज्य के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने रविवार को कहा कि पुलिस ‘एक्शन मोड’ में आ गई है और राज्य में 2005 की तरह ‘‘खुलकर मुठभेड़” शुरू हो गई है, ताकि जनता को अपराधियों से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने एक समाचार चैनल के कार्यक्रम में यह टिप्पणी की।

तेजस्वी यादव पर साधा निशाना
सिन्हा का बयान बिहार की राजधानी पटना में मुठभेड़ के बाद एक कुख्यात अपराधी भरत कुमार समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार किये जाने के बाद आया है। इससे पहले, शनिवार को अररिया और वैशाली जिलों में दो अलग-अलग मुठभेड़ों में पुलिस ने एक इनामी अपराधी को मार गिराया और तीन अन्य को गिरफ्तार किया। वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य मुठभेड़ में पुलिस ने विशाल कुमार और सुशील कुमार नामक दो अपराधियों को गिरफ्तार किया था। राजद नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए सिन्हा ने कहा, ‘‘चार्टर्ड विमान में जन्मदिन मनाने वाला जनता की सेवा नहीं कर सकता। क्या ऐसा व्यक्ति बिहार के श्रमिकों का सम्मान कर पाएगा, जो अपने आपको राजा-रानी का पुत्र समझता हो या जनता का मालिक बनना चाहता हो। ऐसा व्यक्ति जनता की सेवा नहीं कर सकता।”

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना की
उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि जनता की सेवा करने के लिये जन सेवक बनना जरूरी होता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना करते हुए सिन्हा ने कहा कि पहले 30 प्रतिशत लोगों का बैंक में खाता था, जबकि अब 80 फीसदी से ज्यादा लोगों के पास बैंक खाता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे बिहार भी लाभान्वित हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘किसान को लोग समझते हैं कि वे डिजिटल रूप से साक्षर नहीं है, लेकिन हमने देखा है कि हमारे अनुदान वितरण और हर तरह की डिजिटल गतिविधियों में अब सीमांत किसानों की भागीदारी ज्यादा है। यह बदलते बिहार का एक नया स्वरूप है।” उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार कई योजनाओं का लाभ सीधे बैंक खाते में हस्तांतरित कर रही है, जिससे लोगों में डिजिटल रूप से जागरूकता आई है। बिहार के विकास का उल्लेख करते हुए सिन्हा ने दावा किया, ‘‘बजट का आकार 14 गुना बढ़ा है, विकास की गति बढ़ी है। गांव-गांव चार लेन, छह लेन मार्गों से जुड़ रहे हैं।”

  • Related Posts

    “राज्यसभा उपसभापति पद पर बड़ा बदलाव: नीतीश कुमार की संभावित नियुक्ति पर सियासी हलचल”

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया, अमित शाह और वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

    Share Add as a preferred…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *