
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार में आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। नीति आयोग की रिपोर्ट बता रही कि बिहार में सबसे अधिक गरीबी महंगाई व पलायन है। महंगाई और गरीबी बढ़ रही है।
कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम के सिलसिले में सीवान पहुंचे तेजस्वी प्रसाद यादव कार्यक्रम से पूर्व प्रेस से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य की मुख्य समस्याओं को कैसे दूर किया जाए, इसकी जानकारी लेने के लिए ही घूम-घूमकर अपने कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर रहे हैं। कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद यात्रा का मुख्य उद्देश्य पार्टी को बूथ से लेकर पंचायत स्तर तक पर मजबूत करना है। इसे लेकर कार्यकर्ताओं से मिलकर आगामी विधानसभा चुनाव में तन-मन से लग जाने का मूलमंत्र दे रहे हैं। कार्यकर्ताओं के इलाके की क्या स्थिति है, इसकी जानकारी ली जा रही है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि उनके 17 महीने के कार्यकाल में नौजवानों के चेहरे पर खुशी थी, लेकिन अब चिंता के बादल छाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब बदलाव की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अपने 17 माह के कार्यकाल में जो कार्य मैने किया। वह 18 साल से सरकार में रहने वालों ने नहीं किया। आरोप लगाया कि जब भी सरकार इनकी बनी मैट्रिक से लेकर बीपीएससी तक का प्रश्न पत्र लीक हुआ। प्रेसवार्ता में बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सह सदर विधायक अवध बिहारी चौधरी, विधायक बच्चा पांडेय व एमएलसी विनोद जायसवाल आदि उपस्थित थे।


