भागलपुर में 82 उम्मीदवार मैदान में, तीन ने वापस लिया नाम — डीएम ने दी पूरी चुनावी तैयारियों की जानकारी

भागलपुर, 24 अक्टूबर 2025।बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत अभ्यर्थिता वापसी की अंतिम तिथि पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा भवन, भागलपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि भागलपुर जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन पत्रों की जांच के बाद कुल 85 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में थे, जिनमें से तीन अभ्यर्थियों ने अपना नाम वापस ले लिया है। इनमें गोपालपुर, पीरपैंती (अजा) और सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्र से एक-एक उम्मीदवार शामिल हैं। अब कुल 82 उम्मीदवार चुनावी मैदान में रहेंगे।

डीएम ने बताया कि विधानसभा वार अभ्यर्थियों की संख्या इस प्रकार है —
बिहपुर से 10, गोपालपुर से 10, पीरपैंती (अजा) से 10, कहलगांव से 13, भागलपुर से 12, सुल्तानगंज से 12 और नाथनगर से 15 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।

उन्होंने आगे बताया कि भागलपुर जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 22,30,208 है, जिनमें 11,49,215 पुरुष, 10,80,912 महिला और 81 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। इसके अलावा 21,970 पीडब्ल्यूडी मतदाता, 11,529 वरिष्ठ मतदाता (85 वर्ष से अधिक आयु) और 6,002 सेवा मतदाता हैं।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 2,686 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 2,678 भवनों में और 8 सहायक मतदान केंद्र हैं। इनमें से 12 चलंत मतदान केंद्र, 37 आदर्श मतदान केंद्र, 14 सखी मतदान केंद्र और 7 पीडब्ल्यूडी संचालित मतदान केंद्र शामिल हैं।

विधि-व्यवस्था और आदर्श आचार संहिता के पालन के लिए 90 स्टैटिक सर्विलांस टीम, 23 फ्लाइंग स्क्वॉड टीम, 302 सेक्टर पदाधिकारी, 7 वीडियो व्यूइंग टीम, 7 वीडियो सर्विलांस टीम और 8 सहायक व्यय प्रेक्षक तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 6 डिस्पैच सेंटर और 2 काउंटिंग सेंटर भी निर्धारित किए गए हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, और उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी उपस्थित थीं।


 

WhatsApp Channel VOB का चैनल JOIN करें
  • Related Posts

    बिहार में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज, अश्विनी चौबे ने सरकार को दी नसीहत—“पहले रैन बसेरा बनाइए, फिर गरीबों को हटाइए, अन्याय बर्दाश्त नहीं”

    Continue reading