भागलपुर, 12 अगस्त — बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार पानी में भीगने से लोग विभिन्न बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। बीते तीन दिनों में टीएनबी कॉलेजिएट बाढ़ राहत शिविर में 290 और बाल निकेतन उच्च विद्यालय शिविर में 382 लोगों का इलाज किया गया। दोनों शिविरों में कुल 672 मरीजों को दवा दी गई।
बाल निकेतन शिविर में ड्यूटी पर तैनात एएनएम कुमारी शालिनी ने बताया कि अधिकतर मरीज वायरल फीवर, त्वचा रोग और आंखों के संक्रमण से पीड़ित हैं। वहीं, टीएनबी कॉलेजिएट शिविर में कार्यरत एएनएम काजल किरण के अनुसार, यहां रह रहे अधिकतर लोग सर्दी, खांसी और बुखार से परेशान हैं। यह शिविर रेफरल अस्पताल नाथनगर द्वारा संचालित किया जा रहा है।
रेफरल अस्पताल के प्रतिनिधि ने बताया कि आपात स्थिति में एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि गंभीर मरीजों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके।


