
बिहार के मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) जिले में होली ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले 37 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई जिले के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात द्वारा की गई है।
इससे पहले बिहार पुलिस मुख्यालय ने होली और रमजान को लेकर सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए थे।
जांच में 37 सिपाही पाए गए अनुपस्थित
पूर्वी चंपारण पुलिस द्वारा जारी बयान के अनुसार, होली के मद्देनजर मोतिहारी में प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। हालांकि 2 मार्च को जांच के दौरान 37 सिपाही ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सभी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि होली जैसे संवेदनशील पर्व पर ड्यूटी से गायब रहना कर्तव्यहीनता और अनुशासनहीनता है। सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को विभागीय कार्रवाई के तहत सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है।
पर्व-त्योहार पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं
एसपी ने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। होली में हुड़दंग, उपद्रव और असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर पुलिस ने अपनी सक्रियता दर्ज कराई है और लोगों से शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की है।
30 हजार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
होली और रमजान को देखते हुए राज्यभर में 30 हजार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। विनय कुमार, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), बिहार ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
डीजीपी ने चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था में खलल डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में होली और रमजान संपन्न कराने के लिए हर संभव कदम उठाए गए हैं।
फिलहाल, पुलिस प्रशासन जिले में शराबबंदी कानून और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों पर सीसीटीवी के जरिए नजर बनाए हुए है।

