पटना सिटी में वाहन चेकिंग के दौरान 32 लाख कैश बरामद, दो युवक हिरासत में

राजधानी पटना सिटी के मुंगलपुरा टीओपी क्षेत्र में मंगलवार को नियमित वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने संदिग्ध स्थिति में 32 लाख रुपये नकद के साथ दो युवकों को हिरासत में लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग को भी इसकी सूचना दे दी गई है।

बाइक सवार युवकों पर हुआ शक

जानकारी के अनुसार मुंगलपुरा चौकी के पास पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखते ही घबराकर भागने की कोशिश करने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर दोनों को रोक लिया। तलाशी के दौरान उनके बैग से 500 रुपये के नोटों में कुल 32 लाख रुपये बरामद हुए।

कंपनी का पैसा होने का दावा

कैश मिलने के बाद पुलिस दोनों युवकों को मुंगलपुरा टीओपी लेकर पहुंची, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में युवकों ने दावा किया कि यह राशि पश्चिम बंगाल के वर्धमान स्थित एक निजी कंपनी की है, जिसकी एक शाखा पटना में भी संचालित होती है। उनका कहना है कि वे कंपनी की ओर से यह नकदी बैंक में जमा कराने जा रहे थे।

कागजात नहीं दिखा सके युवक

हालांकि पुलिस को युवकों के जवाबों में कई असंगतियां मिलीं। इतनी बड़ी रकम ले जाने के बावजूद उनके पास कोई वैध दस्तावेज या अधिकृत कागजात नहीं थे, जिसके कारण मामला संदिग्ध मानते हुए आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

आयकर विभाग को सूचना

पटना सिटी के एसडीपीओ डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि बरामद नकदी को जब्त कर लिया गया है और दोनों युवकों से पूछताछ जारी है। संबंधित कंपनी से भी संपर्क किया जा रहा है ताकि दावे की सत्यता की पुष्टि हो सके। उन्होंने कहा कि आयकर विभाग को सूचित कर दिया गया है और अब रकम के स्रोत, स्वामित्व और वैधता की विस्तृत जांच की जाएगी।

  • Related Posts

    पटना में 2.43 एकड़ में बना हाईटेक ‘मत्स्य विकास भवन’: मंत्री सुरेंद्र मेहता ने किया निरीक्षण; अब मछली पालकों को मिलेगी ट्रेनिंग और हॉस्टल की सुविधा

    Share Add as a preferred…

    Continue reading