नवगछिया में 19 वर्षीय छात्र की हत्या, झाड़ी में मिला शव; लूटपाट के बाद वारदात की आशंका

नवगछिया: भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत खरीक थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। छोटी नवादा हरिजन टोला निवासी 19 वर्षीय सिट्टू कुमार की बदमाशों ने हत्या कर दी और शव को सुनसान झाड़ी में फेंक दिया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मृतक सिट्टू कुमार 11वीं कक्षा का छात्र था और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पढ़ाई के साथ-साथ टोटो चलाकर घर का सहारा भी बना हुआ था। रविवार की शाम वह रोज की तरह टोटो लेकर सवारी ढोने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पहले खुद उसकी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई।

झाड़ी से बरामद हुआ शव, पास में मिला टोटो

सोमवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस ने अंभो-दादपुर ग्रामीण सड़क किनारे झाड़ियों से सिट्टू का शव बरामद किया। घटनास्थल मृतक के घर से लगभग 12 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। वहीं पास के एक गड्ढे में उसका टोटो भी पड़ा मिला, जिससे लूटपाट की आशंका और गहरा गई है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। साथ ही यह भी संभावना है कि हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया हो।

एसडीपीओ ने लिया जायजा, जांच तेज

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं।

खरीक थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आसपास के इलाकों में छानबीन की जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

मृतक के पिता राजेश कुमार दास ने बताया कि सिट्टू पढ़ाई के साथ टोटो चलाकर परिवार की मदद करता था। पिछले साल दिसंबर में उन्होंने किस्त पर टोटो खरीदा था, जिसे सिट्टू चलाता था। वह जह्नावी चौक महादेवपुर गंगा घाट से लत्तीपुर चौक तक सवारी ढोता था।

रविवार शाम करीब चार बजे वह घर से निकला था, लेकिन रात आठ बजे जब उससे संपर्क करने की कोशिश की गई तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला। पूरी रात परिवार वाले उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। सोमवार सुबह थाना में आवेदन देने के कुछ ही घंटे बाद पुलिस ने शव मिलने की सूचना दी।

स्थानीय लोगों में आक्रोश, स्मैक गिरोह पर शक

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में सक्रिय नशेड़ियों और स्मैक गिरोह की गतिविधियां बढ़ी हैं। आशंका जताई जा रही है कि लूटपाट के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया गया होगा।

इस हृदयविदारक घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस हत्या की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।

  • ये भी पढ़े..

    सीमाओं को अभेद्य बनाने की दिशा में बड़ा रोडमैप, अमित शाह बोले- स्मार्ट बॉर्डर और मजबूत सुरक्षा ग्रिड से होगी घुसपैठ पर रोक

    Share Add as a preferred…

    श्रावणी मेला 2026: कांवरिया पथ पर हर 2-3 किलोमीटर पर स्वास्थ्य शिविर, एएलएस और बीएलएस एंबुलेंस रहेंगी तैनात, स्वास्थ्य मंत्री ने तैयारियों की समीक्षा की

    Share Add as a preferred…