मुजफ्फरपुर में ज्वेलरी शॉप से 10 लाख की लूट, हथियारबंद बदमाशों ने दुकानदार को बनाया बंधक

बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार रात बड़ी आपराधिक वारदात सामने आई। सदर थाना क्षेत्र के सुस्ता इलाके स्थित गोल्डेन हाउस नामक आभूषण दुकान में हथियारबंद बदमाशों ने करीब 10 लाख रुपये के गहने और नकदी लूट ली। बताया जा रहा है कि दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश अपराधी वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।

पिस्टल के बल पर लूट

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधी अचानक दुकान में घुसे और पिस्टल तानकर दुकानदार समेत मौजूद लोगों को बंधक बना लिया। गोल्डेन हाउस के प्रोपराइटर धर्मेंद्र साह ने बताया कि बदमाशों ने तिजोरी और शोकेस में रखे सोने-चांदी के जेवरात के साथ गल्ले की नकदी भी लूट ली। पूरी घटना कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई।

हथियार लहराते हुए फरार

लूटपाट के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार कुछ संदिग्ध फुटेज पुलिस के हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर अपराधियों की पहचान की कोशिश जारी है।

SIT का गठन, सीमाएं सील

घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एसएसपी ने मामले को गंभीर बताते हुए सिटी एसपी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित करने के निर्देश दिए हैं। जिले की सीमाएं सील कर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति की लूट की पुष्टि हुई है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।

  • Related Posts

    समस्तीपुर में पुलिस की फटी रह गईं आंखें: शराब तस्कर के घर मारने गई थी छापा, अलमारियों से निकले 44 लाख रुपये के नोटों के बंडल

    Share Add as a preferred…

    Continue reading