पेरिस ओलंपिक में अमन सहरावत ने जीता कांस्य पदक,पीएम मोदी ने दी बधाई

पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय पहलवान अमन सहरावत ने कुश्ती में कांस्य पदक जीता। अमन ने शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में पुअर्तो रिको के डारियान टोई क्रूज को 13-5 के अंतर से हराया। इससे पहले, 21 वर्षीय पहलवान अमन ने गुरुवार को प्री क्वार्टर फाइनल और क्वार्टर फाइनल में दमदार प्रदर्शन किया था लेकिन पुरुषों के 57 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग के सेमीफाइल में जापान के शीर्ष वरीय रेई हिगुची से एकतरफा हार गए थे। भारत ने पेरिस ओलंपिक में अब तक पांच कांस्य और एक रजत सहित कुल छह पदक जीते हैं।

पहले राउंड में ही अमन 6-3 से आगे चल रहे थे। दूसरे राउंड अमन ने इस बढ़त को और आगे बढ़ाया और क्रूज को कोई मौका नहीं दिया। इस तरह अमन सहरावत ने जीत हासिल की। अमन पेरिस ओलंपिक में भारत के एकमात्र पुरुष पहलवान थे। हालांकि, उन्होंने कुश्ती में पदकों के सिलसिले को बरकरार रखा।

अमन सहरावत ने कांस्य पदक जीत कुश्ती में खोला खाता

भारत 2008 बीजिंग ओलंपिक के बाद से हर ओलंपिक में कुश्ती में पदक जीत रहा है। 2008 में सुशील कुमार ने कांस्य, 2012 में सुशील ने रजत और योगेश्वर दत्त ने कांस्य, 2016 में साक्षी मलिक ने कांस्य, 2020 टोक्यो ओलंपिक में रवि दहिया ने रजत और बजरंग पूनिया ने कांस्य पदक जीता था। अमन का यह पहला ओलंपिक था और उन्होंने अपने पहले ही ओलंपिक में कांस्य पदक जीत लिया है। अमन ने इस तरह ओलंपिक में कुश्ती में भारत का पदक का खाता खोला। विनेश फोगाट के अयोग्य करार दिए जाने के बाद निराशा में डूबे भारत को उन्होंने खुशियां दी हैं।

इस मौके पर पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने पहलवान अमन सहरावत को पेरिस ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि हमारे पहलवानों ने हमें और भी गौरवान्वित किया है। पेरिस ओलंपिक में पुरुषों की फ्रीस्टाइल 57 किलोग्राम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने के लिए अमन सहरावत को बधाई। उनका समर्पण और दृढ़ता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। पूरा देश इस उल्लेखनीय उपलब्धि का जश्न मना रहा है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट करते हुए अमन को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि अपनी असाधारण दृढ़ता और शक्ति के साथ, आपने पेरिस ओलंपिक 2024 में कुश्ती मैच में भारत के लिए कांस्य पदक हासिल किया है। राष्ट्र को आपकी उपलब्धि पर गर्व है।

  • ये भी पढ़े..

    Paris Paralympic 2024: रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन के बाद भारत का सफर समाप्त, 7 स्वर्ण समेत जीते 29 पदक

    Share Add as a preferred…

    किस्मत हो तो ऐसी, सिल्वर से गोल्ड में बदला नवदीप सिंह का मेडल, बड़ी वजह आई सामने

    Share Add as a preferred…