पटना, 08 जुलाई 2025 — राजधानी के चर्चित कारोबारी गोपाल खेमका हत्याकांड में पुलिस ने सोमवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या में शामिल शूटर उमेश यादव, मास्टरमाइंड अशोक शाह और राजा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की विशेष टीम ने यह कार्रवाई पटना सिटी के मालसलामी इलाके में की।
पुलिस के अनुसार, बिल्डर अशोक शाह ने कारोबारी की हत्या के लिए साढ़े तीन लाख रुपये में सुपारी दी थी। शूटर उमेश को तीन लाख रुपये नकद, एक पिस्टल, घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी और कपड़े दिए गए थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उमेश के पास से ये सभी सामान जब्त कर लिए हैं।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पुष्टि
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज से उमेश के चेहरे का मिलान कराया तो वह मैच हो गया। शुरू में उमेश ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन जब फुटेज दिखाया गया तो उसने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
उदयगिरि अपार्टमेंट में छापेमारी
शूटर की निशानदेही पर पुलिस ने कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी म्यूजियम के पास स्थित उदयगिरी अपार्टमेंट में छापेमारी की। इस दौरान रेंज आईजी, पटना एसएसपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की।
जारी है पूछताछ
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सुपारी किस स्तर की रंजिश या कारोबारी दुश्मनी से जुड़ी थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी एंगल से जांच की जा रही है और पूछताछ जारी है।
इस हत्याकांड ने पटना में सुरक्षा और कारोबारी वर्ग की चिंता को गहरा कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीजीपी और एडीजी मुख्यालय स्वयं इसकी निगरानी कर रहे हैं।


