जीवन में पहले भी मैं…’ IPL में कप्तानी जाने पर छलका रोहित का दर्द, जानिए प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या कहा

इस साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए पहले ही भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है. अब इसी मामले को लेकर भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस की है. इस दौरान उनके साथ भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर भी साथ रहे.

IPL में रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर मुंबई इंडियंस (MI) फ्रेंचाइजी ने हार्दिक पंड्या को कमान सौंपी है. इसको लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवाल किया गया. इस पर रोहित ने कहा कि मेरे लिए यह कोई नया नही है. मैं इससे पहले भी कई कप्तानों के अंडर खेला हूं.

‘मैं कप्तान था. फिर कप्तान नहीं रहा और अब कप्तान हूं’

रोहित ने कहा, ‘मैं कप्तान था. फिर कप्तान नहीं रहा और अब कप्तान हूं. यह जीवन का हिस्सा है. सब कुछ आपके अनुसार नहीं होगा. यह एक शानदार अनुभव रहा है. अपने जीवन में पहले भी मैं कप्तान नहीं था और अलग-अलग कप्तानों के तहत खेला था. इससे कोई लेना-देना नहीं है. मैंने हमेशा वही करने की कोशिश की है जो एक खिलाड़ी के तौर पर जरूरी है और मैंने पिछले एक महीने में ऐसा करने की कोशिश की है.’

अजीत अगरकर ने कहा, ‘रोहित एक शानदार कप्तान रहे हैं. 50 ओवर के वर्ल्ड कप और इस (टी20) वर्ल्ड कप के बीच 6 महीने के दौरान, हमें कुछ निर्णय लेने थे इसमें कोई संदेह नहीं है. मुझे पता है कि हार्दिक ने कुछ सीरीज में नेतृत्व किया है. लेकिन रोहित शानदार रहे हैं.’

केएल राहुल को इस कारण नहीं चुना गया

प्रेस कॉन्फ्रेंस में केएल राहुल के बारे में पूछा गया कि आखिर क्यों उन्हें वर्ल्ड कप टीम में जगह नहीं मिली. इस पर अगरकर ने कहा, ‘केएल एक शानदार खिलाड़ी हैं. हम मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करने वाले प्लेयर्स पर विचार कर रहे हैं. केएल टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हैं. जबकि ऋषभ पंत 5वें नंबर पर खेलते हैं. संजू सैमसन भी नीचे खेलने की काबिलियत रखते हैं.’

शिवम का प्लेइंग-11 में खेलना मुश्किल है

ऑलराउंडर शिवम दुबे को लेकर रोहित ने कहा, ‘हमारा टॉप आर्डर अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, यह बुरा नहीं है. हम चाहते हैं कि बीच के ओवरों में कोई खिलाड़ी उस भूमिका को निभाए और स्वतंत्र रूप से खेले. हमने दुबे को आईपीएल में उनके प्रदर्शन के आधार पर चुना है. हमने इस बारे में बात की और चयन किया, लेकिन प्लेइंग-11 में उनकी गारंटी नहीं है.’

रिंकू की कोई गलती नहीं, इस कारण चूक गए

IPL में धूम मचाने वाले रिंकू सिंह को ट्रैवलिंग रिजर्व में रखा गया है. उन्हें 15 सदस्यीय टीम में जगह नहीं मिली है. इस पर रोहित ने कहा, ‘मुझे लगता है कि यह उनकी (रिंकू) गलती नहीं है. वह अभी हमारे साथ ट्रैवल करने जा रहे हैं. मुझे पता है कि यह उनके लिए थोड़ा कठिन है. मुझे लगता है कि टीम संतुलन के कारण वह चूक गए. हम एक अतिरिक्त स्पिनर खिलाना चाहते थे. मैं टीम में 4 स्पिनर चाहता था. मैं इसका कारण यहां नहीं बताऊंगा, मैं आपको यूएसए में बताऊंगा.’

कोहली के सपोर्ट में उतरे अगरकर

विराट कोहली IPL के दौरान अपने स्ट्राइक रेट को लेकर हमेशा ट्रोल होते रहे हैं. इसी को लेकर जब सवाल किया गया, तो अगरकर ने कहा, ‘अनुभव बहुत मायने रखता है. विराट कोहली के स्ट्राइक रेट को लेकर कभी कोई बातचीत नहीं हुई. ज्यादा सोचने का कोई मतलब नहीं है.’

दूसरी ओर ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को टीम में चुने जाने को लेकर अगरकर ने कहा, ‘जब तक वह फिट और उपलब्ध हैं. हम हमेशा हार्दिक पंड्या को टीम में चाहते थे, इसमें कभी संदेह नहीं था.’

टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए भारत की टीम:

रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या (उप-कप्तान), रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, संजू सैमसन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज.

 

रिजर्व: शुभमन गिल, रिंकू सिंह, खलील अहमद, आवेश खान.

टी20 वर्ल्ड कप का ग्रुप:

ग्रुप ए- भारत, पाकिस्तान, आयरलैंड, कनाडा, यूएसए

ग्रुप बी- इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, नामीबिया, स्कॉटलैंड, ओमान

ग्रुप सी- न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, अफगानिस्तान, युगांडा, पापुआ न्यू गिनी

ग्रुप डी- साउथ अफ्रीका, श्रीलंका, बांग्लादेश, नीदरलैंड्स, नेपाल

  • Related Posts

    रफ्तार है सबसे बड़ा हथियार: IPL 2026 से पहले मयंक यादव का बड़ा बयान

    आईपीएल 2026 से पहले लखनऊ…

    Continue reading
    IPL 2026 से पहले टीमों को बड़ा झटका: 7 खिलाड़ी बाहर, 9 पर सस्पेंस; रणनीति पर पड़ा असर

    आईपीएल 2026 शुरू होने से…

    Continue reading