चक्रवात रेमल ने ढाया कहर, पत्थर की खदान ढह जाने से दस लोगों की मौत, करीब एक दर्जन श्रमिक लापता

चक्रवात रेमल के प्रभाव के कारण लगातार बारिश के बीच मिजोरम के आइजोल जिले में मंगलवार सुबह एक पत्थर की खदान ढह जाने से दस लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लापता हो गए। पुलिस के अनुसार यह घटना आइजोल शहर के दक्षिणी बाहरी इलाके में मेल्थम और ह्लिमेन के बीच के इलाके में सुबह करीब छह बजे हुई। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनिल शुक्ला ने बताया कि अब तक दस शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई अन्य अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं।

उन्होंने कहा, “मलबे में फंसे लोगों को बचाने के लिए सभी प्रयास जारी हैं। हालांकि, भारी बारिश के कारण अभियान प्रभावित हो रहा है।” मृतकों में जिनकी पहचान हो पाई है उनमें सात स्थानीय हैं, जबकि तीन राज्य के बाहर के हैं। उन्होंने कहा, “माना जा रहा है कि 10 से अधिक लोग अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं।” अधिकारियों ने बताया कि बारिश के कारण राज्य में कई अन्य स्थानों पर भूस्खलन हुआ और कम से कम दो लोगों की मौत हो गई।

आइजोल के सेलम वेंग में भूस्खलन से एक इमारत बह गई, जिसके बाद तीन लोग लापता हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि उनकी तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि हुनथर में राष्ट्रीय राजमार्ग 6 पर भूस्खलन के कारण राज्य की राजधानी देश के बाकी हिस्सों से कट गई है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, कई अंतर-राज्य राजमार्ग भी भूस्खलन से बाधित हुए हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने स्थिति का जायजा लेने के लिए गृह मंत्री के सपडांगा, मुख्य सचिव रेनू शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक आपात बैठक बुलाई। बारिश के कारण, सभी स्कूल बंद कर दिए गए और आवश्यक सेवाएं प्रदान करने वाले कर्मचारियों को छोड़कर सरकारी कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा गया।

  • ये भी पढ़े..

    मिजोरम में दर्दनाक हादसा, अंडर कंस्ट्रक्शन रेल ब्रिज के गिरने से 17 की मौत, रेस्क्यू जारी

    Share Add as a preferred…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *