भागलपुर, 6 जुलाई – जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंपानगर स्थित मखदूम शाह दरगाह घाट पर शनिवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब नदी किनारे एक अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। शव पर सबसे पहले नजर शौच के लिए गए स्थानीय लोगों ने डाली, जिन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मौके पर नाथनगर इंस्पेक्टर राजीव रंजन सिंह दल-बल के साथ पहुंचे और शव को पानी से बाहर निकलवाया। कुछ ही देर में एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम और डीएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
युवक का शव अत्यधिक क्षत-विक्षत अवस्था में पाया गया है। शरीर की त्वचा बुरी तरह गल चुकी है और पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है। हालांकि, युवक के हाथ पर बना ‘माम-डैड’ लिखा हुआ टैटू पुलिस को शव की पहचान में मददगार हो सकता है। युवक ने जींस का हाफ पैंट पहन रखा था।
घटनास्थल पर जुटे स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया गया होगा। हालांकि पुलिस इस बात की भी संभावना जता रही है कि शव किसी और स्थान से बहकर दरगाह घाट तक पहुंचा हो।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एफएसएल की टीम ने मौके से कई साक्ष्य एकत्र किए हैं। फिलहाल युवक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं और पुलिस विभिन्न कोणों से जांच में जुटी है।


